कौशांबी: करारी कोतवाली क्षेत्र में इंसानियत और फर्ज की मिसाल पेश करते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनीत सिंह ने ऐसा कार्य किया है जिसकी चारों ओर सराहना हो रही है। मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए तीन लोगों की हालत नाजुक थी। सूचना मिलते ही निरीक्षक विनीत सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्होंने एंबुलेंस का इंतजार नहीं किया और तत्काल अपने निजी वाहन से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। समय पर इलाज मिलने से तीनों की जान बच गई।
उनकी इस तत्परता और मानवता के जज्बे को स्थानीय लोग सलाम कर रहे हैं। सोशल मीडिया से लेकर आम जनमानस तक, सभी उनके इस साहसिक और संवेदनशील कदम की खुलकर तारीफ कर रहे हैं।लोगों का कहना है कि अगर सभी थाना प्रभारी और पुलिस अधिकारी विनीत सिंह जैसी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता दिखाएं, तो पुलिस व्यवस्था और भी अधिक भरोसेमंद बन सकती है। विनीत सिंह ने न सिर्फ अपनी ड्यूटी निभाई, बल्कि इंसानियत की एक नई मिसाल कायम की। यह घटना इस बात का प्रमाण है कि एक जिम्मेदार अधिकारी समय पर सही निर्णय लेकर कई जिंदगियों को बचा सकता है।