*कड़ा कौशाम्बी* बनारस से दुल्हन की विदाई कराकर वापस लौट रहे दूल्हे के परिवार सैनी कोतवाली के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुकुल विद्यालय के नजदीक बुधवार सुबह तेज रफ्तार क्रेटा कार ने आगे चल रही दूल्हे की मारुति वैन में टक्कर मार दी। जिससे वैन अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसे में वैन सवार दूल्हा-दुल्हन समेत कई लोग घायल को गए। सभी को नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना के कारण हाईवे के एक लेन पर करीब घंटे भर तक जाम भी लगा रहा।
जानकारी के मुताबिक आगरा के छत्ता थाना क्षेत्र के कचेरी घाट निवासी विनोद जैन के बेटे आकाश जैन की बारात मंगलवार को वाराणसी के महमूदगंज तुलसीपुर गई थी। रात को वैवाहिक कार्यक्रम हुआ। इसके बाद बुधवार की सुबह विदाई हुई। दूल्हा-दुल्हन की वैन सैनी स्थित गुरुकुल विद्यालय के नजदीक पहुंची, तभी उसमें पीछे से आई तेज रफ्तार क्रेटा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में उस पर सवार विनोद जैन, उनके पुत्र और दूल्हे आकाश जैन (25), बहू अनीशा जैन (23), पुत्री वर्षा जैन (12), रिश्तेदार ऋषभ जैन (10) पुत्र सुशील जैन, दीवान जैन (12) पुत्र दीपक जैन, शगुन चंद्र (74) पुत्र भगवान दास व सुगंधा (45) पत्नी शगुन जैन घायल हो गए। दुर्घटना देख मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आननफानन निजी वाहन की मदद से घायलों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने करीब घंटे भर बाद हाईवे पर पलटी वैन को किराने कराया। इससे पहले हाईवे के एक लेन पर जाम लगा रहा। छोटी गाड़ियां तो किसी तरह निकल पा रही थीं, लेकिन बड़ी गाड़ियों के चक्के थमे हुए थे। इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।